‘मिस फेयरवेल’ संगीता जानू, ‘मिस दीवा’ जीनत बानो, ‘मिस ब्यूटी’ कल्पना सोनी और ‘मिस्टर फेयरवेल’ का खिताब अनुराग प्रजापति को मिला
लाडनूँ, 25 अप्रेल 2026। संस्थान के अहिंसा एवं शांति विभाग में जूनियर विद्यार्थियों द्वारा सीनियर विद्यार्थियों के सम्मान में एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान विभिन्न उपाधियों से सीनियर्स को सम्मानित किया गया। इसमें ‘मिस फेयरवेल’ का खिताब संगीता जानू, ‘मिस दीवा’ के रूप में जीनत बानो तथा ‘मिस ब्यूटी’ कल्पना सोनी को चुना गया। ‘मिस्टर फेयरवेल’ का खिताब अनुराग प्रजापति को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रा करीना द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में सभी संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को अपने विचारों से उद्बोधित किया। डॉ. लिपि जैन ने विद्यार्थियों के साथ बिताए दो वर्षों के अनुभवों का भावपूर्ण विवेचन करते हुए कहा कि जीवन में किसी भी प्रकार की दुर्भावना या गलतफहमी को स्थान नहीं देना चाहिए और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखना चाहिए। डॉ. रविंद्र सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों को अपने कॅरियर के प्रति सजग रहने तथा विभाग और संस्थान से निरंतर जुड़े रहने की प्रेरणा दी। प्रो. वंदना कुंडलिया ने कहा कि वे जीवन में जहाँ भी रहें, संस्थान के प्रति अपनत्व और जुड़ाव का भाव बनाए रखें। विभागाध्यक्ष डॉ. बलबीर सिंह ने विद्यार्थियों को संस्थान से ग्रहण किए गए जीवन मूल्यों एवं व्यवहारिक ज्ञान को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। जूनियर्स की तरफ से मोनिका एवं राहुल द्वारा सीनियर्स के उत्साहवर्धन हेतु विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिससे माहौल और अधिक आनंदमय हो गया। खेलों में सुनीता तथा हेमलता सैनी का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जूनियर्स की तरफ से मनीषा बेड़ा एवं संजना बिश्नोई द्वारा प्रस्तुति दी गई, वहीं सीनियर्स की तरफ से संगीता, जीनत, रिया व सरोज ने भी अपनी प्रस्तुति दी। इसके अलावा छात्रा उमा वर्मा एवं पावनी दाधीच ने पीपीटी के माध्यम से अपने खट्टे-मीठे अनुभव साझा कर सभी को भावुक कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सीनियर्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। विदाई समारोह के आयोजन में सोनू, निकिता, पूजा, वसुंधरा, वर्षा आदि का भी योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन तेजस्विनी सोनी तथा मनीषा प्रजापत ने किया।




