विभिन्न गतिविधियों से किया गया छात्राओं का व्यक्तित्व विकास एवं जन जागरूकता
लाडनूँ, 21 फरवरी 2026। संस्थान में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इन सभी सात दिनों में लाडनूं, मंगलपुरा व दुजार ग्रामों मेें स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियां एवं अन्य विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया गया, जिससे जहां जन जागरूकता पैदा हुई, वहीं स्वायसेविका छात्राओं में भी व्यक्तित्व का विकास हुआ। इस सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक सरोकारों तथा श्रेष्ठ समाज निर्माण के पहलुओं को उजागर करने का प्रयास किया गया। इन सभी का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम प्रभारी डॉ. आभा सिंह तथा इकाई द्वितीय प्रभारी डॉ. बलबीर सिंह के नेतृत्व में किया गया।
साफ-सफाई व अनुपयोगी सामान से बनाई आकर्षक वस्तुएं
संस्थान में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर के प्रथम दिन विशेष शिविर के उद्देश्यों की जानकारी स्वयंसेविकाओं को देते हुए उन गतिविधियों के बारे में बताया गया, जो सात दिवसों की अवधि तक संचालित की जानी है। शिविर के दूसरे चरण में स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय सेवा योजना कक्ष तथा उसके आसपास साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। तीसरे चरण में अनुपयोगी सामान को उपयोगी बनाने के तरीके सिखाए गए, जिसमें स्वयंसेवकों ने नाकारा एवं अनुपयोगी सामान को उपयोग में लेकर आकर्षक चीजें बनाई। इस अवसर पर स्वयंसेवकों को माइ भारत बजट क्वेश्ट बारे में भी जानकारी प्रदान की गई और इस पोर्टल पर अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करके इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। ये सभी गतिविधियां राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम प्रभारी डॉ. आभा सिंह तथा इकाई द्वितीय प्रभारी डॉ. बलबीर सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुई।
माय भारत पोर्टल पर किया रजिस्टेशन
शिविर के दूसरे दिन खेल मैदान में साफ-सफाई की गई। साथ ही स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की जाने वाली रैली के लिए स्वयंसेवकों ने तख्तियां तैयार की और माय भारत बजट क्वेस्ट में भाग लिया। सर्वप्रथम स्वयंसेवकों ने कबड्डी तथा खो-खो के खेल मैदान के आसपास साफ-सफाई की और मैदान को व्यवस्थित किया। इसके पश्चात स्वयंसेविकाओं ने आगामी कार्यक्रमों में आयोजित होने वाली स्वच्छता जागरूकता रैली के अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्लोगन तैयार कर तख्तियां बनाई। कार्यक्रम के तीसरे चरण में माइ भारत बजट क्वेस्ट में माय भारत पोर्टल पर स्वयंसेवकों-स्वयंसेविकोओं का रजिस्ट्रेशन किया गया और प्रतियोगिता में भाग लिया। इस आॅनलाइन प्रतियोगिता में करीब 83 लोगों ने सहभागिता कर प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इस प्रकार अलग-अलग थीम रखकर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मंगलपुरा में निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली
शिविर के तीसरे दिन गोद लिए गए गांव मंगलपुरा में स्वच्छता जागरूकता रैली तथा सफाई अभियान चलाया गया। इस दिन निकटवर्ती गांव मंगलपुरा में मुख्य मार्गो से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। इस जागरूकता अभियान में स्वयंसेवकों ने गांव के मुख्य मार्गो एवं गलियों से गुजरते हुए शक्तियों पर लिखे गए स्लोगनों के माध्यम से ‘स्वच्छता को अपनाना है, भारत को स्वच्छ बनाना है’, ‘हम सब का है एक ही नारा, स्वच्छ बने भारत हमारा’ जैसे नारे लगाकर ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात गांव के मुख्य चैक की साफ-सफाई की तथा ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। स्वयंसेवकों द्वारा आयोजित इन दोनों गतिविधियों को देखकर ग्रामीणों में भी उत्साह का माहौल बना और वे स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित हुए। इन गतिविधियों का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागृत करना एवं अपने घर तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करना रहा।
शारीरिक स्वास्थ्य एवं खेल थीम पर खेलों का आयोजन
शिविर के चैथे दिन शारीरिक स्वास्थ्य एवं खेल थीम पर खेलों का आयोजन किया गया तथा बजट के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर कबड्डी तथा खो-खो के खेलों का आयोजन कर स्वयंसेवकों को यह संदेश दिया गया कि खेलों से शारीरिक तंदुरुस्ती बनी रहती है तथा व्यक्ति में उत्साह की भावना बढ़ती है। स्वयंसेवकों को इस बात के लिए प्रेरित किया गया कि खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर स्वस्थ रहा जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य खेलो इंडिया तथा फिट इंडिया जैसे भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के प्रति समाज में जागरूकता को बढ़ावा देना एवं युवाओं को प्रेरित करना रहा।
बजट की अवधारणा व निर्माण प्रक्रिया समझाई
शिविर के दूसरे चरण में इकाई प्रथम प्रभारी डॉ. आभा सिंह ने बजट संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए बजट की अवधारणा, इसके ऐतिहासिक स्वरूप तथा बजट निर्माण की प्रक्रिया के बारे में भी स्वयंसेवकों को जानकारी प्रदान की और बताया कि बजट का निर्धारण राष्ट्र की आर्थिक स्थिति एवं समाज से उठने वाली मांगो के आधार पर किया जाता है प्रायः प्रत्येक सरकार का यह मुख्य प्रयोजन रहता है कि बजट संतुलित, विकासात्मक एवं राष्ट्रीय विकास को बढ़ावा देने वाला होना चाहिए, जिससे बजट के प्रति नागरिकों में संतुष्टि की भावना को बढ़ावा मिल सके।
ग्राम दुजार में निकाली गई स्वच्छता रैली
शिविर के पांचवें दिन इकाई द्वितीय द्वारा गोद लिए गए गांव दुजार में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। स्वयंसेवकों ने गांव दुजार के मुख्य मार्गों एवं गलियों से होकर निकाली इस स्वच्छता रैली में स्वयंसेवकों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर और नारों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की और अपने घर व आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस गतिविधि का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व को समझाना रहा।
लाडनूं शहर में नशामुक्ति रैली का आयोजन
सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। लाडनूं शहर के मुख्य मार्गों एवं गलियों से होकर निकाली रैली निकाली में स्वयंसेवकों ने अपने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारों के माध्यम से नागरिकों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया। यह कार्यक्रम लोगों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त वातावरण के महत्व को समझाने के लिए किया गया।




