लाडनूँ, 23 फरवरी 2026। संस्थान में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 23 फरवरी से किया गया। इसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के उद्घाटन कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. बी. एल. जैन ने खिलाड़ियों को खेलों में रुचि लेने एवं खेलों को खेल की भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया और कहा कि शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए खेलों का काफी महत्व है। हमें अपनी रुचि के खेल को जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष से प्रो. रेखा तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साह-वर्धन करते हुए उन्हें खेलों में भाग लेकर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। खेलों के उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात कबड्डी तथा खो-खो के लीग मैच का आयोजन किया गया, जिसमें दो मैच कबड्डी के तथा दो मैच खो-खो के करवाए गए। कबड्डी के प्रथम मैच में शिक्षा विभाग की ‘ए’ टीम ने इसी विभाग की ‘सी’ टीम को हराया तथा दूसरे मैच में आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय की ‘ए’ टीम ने इसी महाविद्यालय की ‘बी’ टीम को हराया। इसके पश्चात खो-खो की टीम के भी दो मैच कराए गए जिसमें प्रथम मैच में शिक्षा विभाग टीम ‘ए’ तथा आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय की टीम के मध्य खेला गया, जिसमें शिक्षा विभाग की टीम फाइनल के लिए विजेता रही। दूसरे मैच में शिक्षा विभाग की टीम तथा योग एवं जीवन विज्ञान विभाग की टीम ने भाग लिया, जिसमें योग एवं जीवन विज्ञान विभाग की टीम फाइनल मैच के लिए विजेता रही। खेलों में महिला वर्ग के लिय आयोजित खेल बैडमिंटन में 34 प्रतिभागियों ने भाग लिया और इनमें से 17 ने सेमीफाइनल के लिए अपना स्थान बनाया। उद्घाटन कार्यक्रम में प्राकृत एवं संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. जैनेंद्र कुमार जैन, जैन एवं तुलनात्मक धर्म तथा दर्शन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रामदेव साहू आदि के साथ सभी विभागों के संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
कबड्डी, योगासन, ऊंची-कूद, लंबी-कूद, बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन
प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन कबड्डी, योगासन, ऊंची-कूद, लंबी-कूद तथा बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेल सचिव डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि सबसे पहले शिक्षा विभाग की टीम ‘बी’ तथा योग एवं जीवन विज्ञान विभाग की टीम के मध्य कबड्डी का लीग मैच खेला गया, जिसमें शिक्षा विभाग की ‘बी’ टीम विजयी रही। इसके पश्चात पुरुष वर्ग की टीम ‘ए’ तथा टीम ‘बी’ के मध्य कबड्डी मैच खेला गया, जिसमें ‘ए’ टीम विजयी रही। खिलाड़ी गणेश ने पुरुष वर्ग ऊंची कूद में प्रथम तथा इसी वर्ग की लंबी कूद में द्वितीय स्थान बनाया। इसी वर्ग की लंबी कूद में कार्तिक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग की लंबी कूद में सुषमा ने प्रथम स्थान तथा संजीता प्रजापत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन महिला वर्ग में कोमल प्रजापत ने प्रथम तथा प्राची ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। योगासन पुरुष वर्ग में धीरज ने प्रथम स्थान तथा सुजल ने द्वितीय स्थान बनाया और इसी खेल के महिला वर्ग में अनुष्का ने प्रथम तथा ममता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कबड्डी, खो-खो तथा बैडमिंटन पुरुष वर्ग के मैच हुए फाईनल
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं के तीसरे दिन कबड्डी के एक सेमीफाइनल व फाइनल मैच, खो-खो के फाइनल (सभी महिला वर्ग) तथा बैडमिंटन के पुरुष वर्ग की टीम के मैच का आयोजन किया गया। खेल सचिव डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि सबसे पहले शिक्षा विभाग की टीम ‘बी’ तथा आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय की टीम ‘ए’ के मध्य कबड्डी का सेमी फाइनल मैच खेला गया, जिसमें आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय की टीम ने मैच जीतकर फाइनल में अपना स्थान बनाया। इसके पश्चात खो-खो का फाइनल मैच शिक्षा विभाग की टीम ‘ए’ तथा योग एवं जीवन विज्ञान विभाग की टीम के मध्य खेला गया, जिसमें शिक्षा विभाग की ‘ए’ टीम विजेता तथा योग एवं जीवन विज्ञान विभाग की टीम उपविजेता रही। खो-खो के इस मैच के पश्चात शिक्षा विभाग की टीम ‘ए’ तथा आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय की टीम ‘ए’ के मध्य कबड्डी का फाइनल मैच खेला गया, जिसमें शिक्षा विभाग की टीम ए विजेता तथा आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय की टीम ‘ए’ उपविजेता रही। सबसे अंत में बैडमिंटन पुरुष वर्ग के खेल का आयोजन किया गया, जिसमें अनुराग प्रजापति प्रथम तथा धीरज द्वितीय स्थान पर रहा।




