‘योग पुस्तक प्रदर्शनी’ में दर्शकों ने लिया सद्साहित्य स्वाध्याय का संकल्प,
लाडनूँ, 20 जून 2026। संस्थान के केंद्रीय पुस्तकालय ‘वर्धमान ग्रंथागार’ द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ के मार्गदर्शन में ‘योग पुस्तक प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में योग, प्रेक्षा ध्यान, जीवन विज्ञान (ैबपमदबम व िस्पअपदह), स्वास्थ्य, अध्यात्म एवं समग्र जीवन शैली से संबंधित पुस्तकों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों में योग एवं ध्यान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग साहित्य के अध्ययन को प्रोत्साहित करना था। प्रदर्शनी में संस्थान के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, आगंतुकों तथा साधु-साध्वियों, समण-समणियों एवं मुमुक्षु बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रदर्शित पुस्तकों का अवलोकन कर योग एवं प्रेक्षा ध्यान संबंधी साहित्य में अपनी रुचि दिखाई। इस अवसर पर उपस्थित सभी सहभागियों ने योग को भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वर्धमान ग्रंथागार के सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष निखिल राठौड़, तकनीकी सहायक महिमा जैन एवं सरिता शर्मा का विशेष सहयोग रहा।




